वो पूरे 10 बरस बाद मिल रहे थे, इतने सालों में ज़िन्दगी और दुनिया कहाँ से कहाँ पहुँच गई थी। लेकिन दस साल बाद जब दोनों ने एक दूसरे को देखा तो ऐसा लगा कि सब थम गया है,कहीं कुछ नहीं बदला,सालों की दूरियां इक लम्हे में सिमट आई थी। वो उतने ही क़रीब थे जितने जुदा होते वक़्त थे। दूरियाँ ज़माने के लिए आईं थी। इसी ज़माने की वजह से ही वो अलग हुए थे।
दस साल पहले इश्क़ की शिद्दत वही थी जो आज है,लेकिन हिम्मत कम पड़ गई थी। आज जब इक दूसरे को देखा तो आँखों में वही दर्द भी था जो दिलों को चीर रहा था। कौन कहता है इश्क़ की जुदाई पर कुछ नहीं बदलता उस दिन तो आसमान भी ज़ार ज़ार रो रहा था। उस दिन बारिश ने दोनों के आंसुओं को अपनी आगोश में छुपा लिया था लेकिन आज कौन रोकेगा, आज कैसे होगी दुनिया से आँखों से बहते दर्द की पर्दादारी।
दोनों की रूहें बेचैन हो उठी थी वो सारी शर्म आ हया छोड़ लिपट जाना चाहते थे इक दूसरे से लेकिन पैर हैं कि ज़मीन छोड़ने को तैयार ही नहीं थे। आज रिश्तों की बेड़ियां बांधे हुए हैं और इन्हीं रिश्तों ने कल भी उन्हें बांध दिया था , मजबूर कर दिया था अलग अलग रास्तों पर चलने के लिए। फिर आहिस्ता आहिस्ता दोनों चल पड़े इक दूसरे की ओर, भीड़ में इतने करीब से गुज़रे कि इक दूसरे को आगोश में ले लिया और किसी को खबर भी ना हुई।

No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.