आज पता नहीं क्यों मन एकदम शांत है.
घर भी बिल्कुल चुप है.
तुम्हारी याद भी ठहर सी गई है.
बर्तनों ने भी मुंह चिढ़ा दिया है कि आज खाना नहीं बनेगा.
मैं चुप बैठा घूर रहा हूं दीवारों को.
आज दिन में बंदर आए थे. तुम्हारा एक गमला तोड़ दिया और एक पौधा भी नोच खाया.
अभी शाम में कोई आदमी गब्बर के पास अपने कुत्ते को पेशाब करवा रहा था. मैं देखता रहा लेकिन मना करने का मन ही नहीं किया.
आज किसी से बात कर रहा था. रिश्ते कैसे होते हैं न. लोगों को लगता होगा कि ये मी और अभी एकदम सुपर कपल हैं. कोई जानता नहीं है कि हमने कितना प्रयास किया है एक दूसरे के लिए और इस साथ के लिए.
हर रिश्ते में प्रयास करना होता है. आप मां बाप बदल नहीं सकते. साथी बदल सकते हैं इसलिए भी प्रयास ज़रूरी होता है. दो लोग जो बीस साल से अधिक एक माहौल में रहते हैं अचानक साथ रहने लगें तो समस्या होगी ही होगी.
फिर उस समस्या से निपटने की कोशिश में ही प्रेम होता है और आगे जो भी होता है. गरी और अभी ने भी ये संघर्ष किया है हालांकि दोनों एक दूसरे को कई सालों से पहले से भी जानते थे.
छोटी से छोटी बात पर लड़ाई और बड़ी से बड़ी बात पर चुप हो जाना कई बार रिश्तों को खराब मोड़ तक ले जाता है लेकिन प्रयास करना होता है कि ये अच्छे हों. कई प्रैक्टिकल फैसले होते हैं.
मसलन गरी और अभी ने तय किया कि अगर गरी दफ्तर नहीं जाएगी तो घर की ज़िम्मेदारी उसकी होगी. बाहर की ज़िम्मेदारी अभी की होगी क्योंकि वो कुछ मामलों में अच्छा है. गरी सूक्ष्म मैनेजमेंट करती है जे बिग पिक्चर देखता है. ये पहले नहीं पता था...ये साथ रहते हुए समझ में आया.
अभी लड़ता है मनाता नहीं है...गरी लड़ती नहीं है..मनाती है. बहुत रेयरली नाराज़ होती है. ये सब साथ रहते हुए समझ में आया. एक को एडजस्ट करना पड़ता है. लेकिन उस एडजस्टमेंट में कितनी मदद होती है दूसरे कि इससे रिश्ता तय होता है.
मैं बहुत सारे उदाहरण दे सकता हूं लेकिन हर कपल के लिए ये उदाहरण उनके जीवन से आएं तो अच्छा है.
गरी बहुत बदली है अभी के साथ रहते हुए..अभी शायद उससे भी अधिक बदला है गरी के साथ रहते हुए.
जो लोग मुझे इलाहाबाद के दिनों से जानते हैं (जब गरी ...अभी की ज़िंदगी में नहीं थी) वो मुझे अहंकारी, फुल ऑफ हिमसेल्फ और हल्ला करने वाले व्यक्ति के रूप में जानते हैं.....जब वो अब मिलते हैं तो मेरे व्यवहार से चकित होते हैं.
मैं खुद भी जानता हूं मैं कितना बदला हूं. मैं इतना कूल नहीं हुआ करता था. ...सारी दुनिया की ज़िम्मेदारी लेकर चलता था....गरी ने मुझे कूल बना दिया.....
गरी बहुत डरती थी हर चीज़ से. उसे कोई भी उल्लू बना देता था. उससे दो अच्छी बातें करके बेवकूफ बनाना आसान था....मीठी मीठी बातें करके मी को कोई भी उल्लू बना लेता था..
अब ऐसा नहीं है. अब गरी चक्करों में नहीं पड़ती. उसको दुनियादारी की समझ आ गई है. कैसे आई है...इसके ढेर सारे उदाहरण हैं..वो जब एक बहुत बड़ी प्रोडक्ट मैनेजर हो जाएगी तब मैं उसकी बायोग्राफी में ये उदाहरण ज़रूर डालूंगा.
कहने का बस इतना सा मतलब है कि रिश्ते कोई देश नहीं हैं कि आप भूगोल बदल नहीं सकते...ये बदले जा सकते हैं इसलिए इन्हें बनाए रखने के लिए प्रयास करना होता है.
प्रयास कैसे किए जाएं..क्या हो ये सब बताना मेरा काम नहीं है क्योंकि मैं कोई काउसंलर नहीं हूं....सबको अपने अपने जीवन में देखना होता है कि वो दूसरे के लिए क्या कर रहा है.
अपने आत्मसम्मान को बचा कर पार्टनर के लिए कुछ कीजिए....मज़ा आएगा....पार्टनर भी आपके लिए पलट के करेगा.....यहीं से म्युचुअल रेस्पेक्ट शुरु होता है...और बिना सम्मान के प्रेम कैसा.
बहुत ज्ञान हो गया है आज....बाय बाय..
अब से कुछ घंटे बाद गरी .....अपने जहाज़ पर चढ़ जाएगी..लंबी फ्लाइट है......कल कब तक पहुंचेगी ये मैं अभी नहीं बताऊंगा......
---अभी