मैंने उसे लिखा नहीं कभी ,कभी बताना भी नहीं चाहता था उसके बारे में ,जैसे लोग कीमती चीजें अपने घर की तिजोरी में छिपा कर रख लेते हैं ना ,वैसे ही छिपा कर रख लिया है...
पर उसका एक -एक अंश जैसे घुल सा गया है मुझमें, मेरा अस्तित्व जैसे उसके ही किसी टुकड़े की नींव डालकर तैयार किया गया है, मेरे होने का कारण भी शायद उसका होना है ...
मैं डरता था उससे मिलने से कि शायद वो रंगरेज अपनी रंग में रंग लेगी मुझे, पर वो इतनी बड़ी जादूगरनी है कि बिना मिले ही अपना रंग पक्का कर लिया मुझमें उसने ...
मेरे मुस्कुराने के पीछे शायद कहीँ वो हँस रही होती है, एक कोने में खड़े होकर, जब आँसू टपकते है तो लगता है वो इस दुनिया से दूर हो अपने कमरे की खिड़की से झाँककर देख रही है, उदासी से इस दुनिया की तरफ,
जब मेरी आँखों में नींद नहीं होती तो लगता है कि कहीँ वो करवटें बदल रही है बेचैन होकर.....
अक्सर मेरी कहानियों के किरदार में मैं उसे गढ़ने की कोशिश करता हूँ , पर जैसे ही उसका जिक्र आता है सारे किरदार जैसे छुप से जाते हैं उसकी मौजूदगी में, मेरी कविताओं की शुरुआत उससे करने की कोशिश में मेरे शब्द ही मन के दूसरे दरवाजें से छुपकर निकल जाते हैं...
उसकी नामौजूदगी में भी उसकी मौजूदगी कहीँ महसूस होती है....
पर मैंने उसे लिखा नहीं कभी....