तुम मिले थे मुझे
तब जाना जब मैं दूर चला आया
लौटने के रास्ते देखे
तुम लौटने नहीं, आने वालों की राह में थे
तुम मिले थे जल में
मैं नदी में राह खोज रहा था
तुम राहों को बहाकर चले जा रहे थे
राहें तुममें मिल रहीं थी आखिर
जब तक पता लगा, तुम बह गए दूर तक
मिले तो आसमान में भी थे
मैं उड़ने को ही सच मानता रहा
तुम चुपचाप फैलते रहे अनंत तक
थकने के बाद जाना
पंख समेट लेने के बाद भी बनी रहती है उड़ान
आसमान को उड़कर नहीं पाया जाता
दूर तक फैली धरती पर मिले तुम
मैं कदमों की नाप नापता रहा
किस कदम पर रखूं कदम कि कट जाए रास्ता
समझ बाद में आया कि
रास्ते चलने की जगह भर हैं और चलना अभ्यास भर
यात्रा रास्तों में नहीं तो अभ्यास में भी नहीं
मिले थे तुम आंधियों के बीच
मैं मुंह ढांपे बच रहा था
तुम घोल रहे थे रेत अपने भीतर
हवा को सोख लेने का हुनर था तुममें
सांस के आखिरी सिरे पर पता लगा
रेत से बचना हवा को भी खो देना है
तुम बार-बार मिले, मैं हर बार नहीं मिला
कृतज्ञ हूं कि अब भी करुण है धरती मेरे लिए
जल बहता है और हवा रमी है सांस-सांस
आकाश का एक टुकड़ा बस गया है आंख में
जानता हूं मिलोगे जब भी, मिलोगे रास्तों में ही
कहीं पहुंचने के भ्रम से मुक्त हूं अब
रोम-रोम से हूं यात्रा में--- हर समय---।

No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.