Powered By Blogger

Total Pageviews

Sunday, February 12, 2017

मुलाकात...


मुलाक़ात कभी कभी जिंदगी के मायने बदल देती है कभी किसी से होती है और कभी किसी और से। कुछ लोग रोज मिलते हैं और दिल नहीं जीत पाते और कुछ लोग एक ही मुलाक़ात में आपको दीवाना बना देते है। ऐसी ही एक मुलाक़ात वो भी थी जो गुमनाम सी होकर रह गयी किसी के डायरी के पन्नों की ।
एक ही तो जिंदगी मिली है उसमें भी दुसरे के किरदार को जीना ये हमारे लिए मुमकिन नहीं, हम ताउम्र एक ही किरदार जीना चाहते है, खुद का...
वो खिड़की पर खड़ी इस लाइन को बार बार दोहरा रही थी। तभी दरवाजा खुलता है और एक औरत चाय का कप आकर टेबल पर रख देती है ।
फिर बोलती है : "मैडम, आज आप सोई नहीं रात भर?"
"हाँ , आज नींद नहीं आई!"
वो चाय का कप उठाकर मैडम को देती है और कहती है 'आज कुछ परेशान लग रही हैं आप'
"हाँ , आज एक लंबा रिश्ता ख़त्म हो गया।"
"किसका ? "
"था एक आदमी , जिसको कोई नहीं जानता , गुमनाम रहा जीवन भर , मगर मेरा बहुत ही पुराना हमदर्द था । कल रात वो पंचतत्व में विलीन हो गया "।
"मैडम, आपके सभी रिश्तेदार,मित्रों सभी को मैं जानती हूँ । वो कौन था जिसके बारे में आपने हमें भी नही बताया। "
वो चाय पीकर ख़त्म करती है और एक लंबी सांस लेते हुए कहती है ।
"उसके बारे में कोई भी नहीं जानता , आज से करीब 50 साल पहले उससे मुलाकात हुई थी एक फ़िल्म के सेट पर और वो मुलाक़ात पहली थी और आखिरी भी । उसके बाद हम कभी नहीं मिले । कुछ लोगों की शख्सियत ही ऐसी होती है जिसकी खुमारी उम्र भर बनी रहती है । ऐसा ही था वो शख्स ।"
मुझे आज भी याद है उस दिन मेरा शॉट रेडी था । बस डायरेक्टर के बोलने की देर थी ।
"लाइट.... कैमरा... एक्शन.... "
'मोहब्बत , मोहब्बत हर बार कुर्बानी नहीं मांगती , हर बार मोहब्बत नाकाम नहीं होती । कभी कभी मोहब्बत , मोहब्बत में वजूद तलाश करती है । वजूद , तुम में मेरा और मुझ में तुम्हारा । हाँ वजूद , जिस पर हम तुम दोनों निर्भर हैं । तुम न होंगे तो मेरा वजूद न होगा , और मैं न होउंगी तो तो तुम्हारा वजूद न होगा । ये वजूद ही तो है जो मोहब्बत को मायने देता है । वजूद ही न होगा तो मोहब्बत अपने मायने ही खो देगी ,मगर तुम कभी नहीं समझे, और तुम कभी नहीं समझोगे।"
कट..
ओके .. परफेक्ट ...
इतना बोलना था की वहां खड़े लोग तालियों की गड़गड़ाहट से पूरी जगह गूँज जाती है!
'मैडम ... आप वेट करिये अगला शूट 4 घंटे बाद का है ।'
ठीक है। मैं जाकर अपनी चेयर पर बैठ जाती हूँ । कुछ लोग ऑटोग्राफ लेते है और चले जाते हैं । पास पड़ी मैगजीन उठाकार मैं पढ़ने लगती हूँ ।
तभी मिश्रा जी आते हैं उन दिनों हमारे असिस्टेंट हुआ करते थे ।
मैडम, ये हमारे मित्र है, आपके बहुत बड़े प्रशंसक हैं मिलना चाहते थे आपसे ।
अच्छा , मैंने मैगजीन में ही देखते हुए कहा ।
मिल लेंगे मिश्रा जी जरा एक चाय तो भिजवा दीजिये ।
जी जरूर , इतना कहकर मिश्रा जी निकल जाते है ।
हम अभी भी अपनी पत्रिका में डूबे थे । तभी ध्यान आता है कि किसी से मिलना है। हम ऊपर की तरफ देखते हैं । एक 25-26 साल का नौजवान इधर उधर देख रहा था ।
आप , आप मिश्रा जी के साथ आये है ।
जी , जी हाँ ।
अरे तो बैठिये , आप खड़े क्यों हैं ।
जी धन्यवाद
तो आप बताइये कहाँ से है आप ।
जी लखनऊ से ।
अरे वाह आप तो हमारे तरफ के ही हैं ।
जी जानता हूँ
तो बताइये क्या खातिरदारी करें आपकी ।
उसकी कोई जरूरत नहीं , बस आपसे एक बार मिलना था ये तमन्ना आज पूरी हो गयी अब और कुछ नहीं चाहिए ।
अरे फिर भी चाय नाश्ता तो करना ही होगा । इस शहर में बहुत कम लोग अपने तरफ के मिलते हैं ।
जी हाँ वो तो है । मगर आप जिस मुकाम पर वहां सबसे मिल पाना मुमकिन नहीं है ।
आप सही कह रहे हैं ।
और आपने शूट देखा ।
तभी चाय आ जाती है वो केतली दो कप में चाय निकाल कर एक मेरी तरफ बढ़ाता है।
हाँ मैंने देखा । काफी अच्छा था । आपकी अदाकारी ने तो उस सीन में चार चाँद लगा दिए ।
आप झूठी तारीफ़ कर रहे हैं ।
नहीं सच कह रहा हूँ । आपको अपने हुनर में महारत हासिल है । आप जादू बिखेर देती हैं परदे पर जिसकी तासीर सालों साल बनी रहती है ।
अब आप शर्मिंदा कर रहे हैं ।
नहीं सच कह रहा हूँ ।
जब आपने कहा की ये वजूद ही तो है जो मोहब्बत के मायने बदल देता है ।
और जब वजूद ही न होगा तो मोहब्बत अपने मायने खो देगी ।
ये शब्द दिल में उतार गए ।
अरे वाह , आप को तो डायलॉग भी याद हो गया ।
और बहुत ही अच्छे से आपने उसे बोला भी ।
आपको तो फिल्मों में होना चाहिए ।
माशाल्लाह दीखते भी खूबसूरत है ।
हा हा हा अरे नहीं । हम मास्टर ही अच्छे हैं ।
हाँ संगीत का शौक है , कुछ दिन रंगमंच से भी जुड़ा रहा हूँ । मगर शौकिया तौर पर । ये हमारे बस की बात नहीं है फिल्में करना ।
क्यों ऐसा क्या बुरा है इस दुनिया में। पैसा है , शोहरत है , इज़्ज़त है । सबकुछ है।
बुरा कुछ भी नहीं है ।
मगर फिर भी हमारे लिए नहीं है ।
क्यों आपको ये सब नहीं चाहिए ।
मैडम , किसको नहीं चाहिए ये सब । अच्छा आप बताइये की आप क्यों करती है ये काम ।
इन सब चीजों के लिए ।
अच्छा , अगर ये सब न मिले तो क्या नहीं करेंगी ।
करेंगे।
क्यों
क्योंकि ये सुकून देता है मुझको ।
बस मेरा जवाब आपने खुद ही दे दिया ।
क्योंकि मुझे पढ़ाना सुकून देता है और मैं वही करना चाहता हूँ ।
आप शायद ठीक कह रहे हैं मगर सबको ये मौका नही मिलता अलग अलग किरदारों को जीने का । आप टीचर को भी परदे पर जी सकते हैं ।
हा हा हा , आप सही कह रही हैं मगर
एक ही तो जिंदगी मिली है उसमें भी दुसरे के किरदार को जीना , ये हमारे लिए मुमकिन नहीं । हम ताउम्र एक ही किरदार जीना चाहते हैं
खुद का ।
शायद हम किसी दुसरे किरदार के साथ न्याय न कर पाएं । मगर इस बात का यकीन है अपने किरदार को बखूबी निभाएंगे और उसके साथ न्याय कर पाएंगे ।
और शायद इसलिए भी क्योंकि कभी कभी खुद का किरदार निभाना भी सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है
और ऐसा चुनौतपूर्ण किरदार मैं छोड़ना नहीं चाहता ।
तभी एक लड़का आता है मैडम डायरेक्टर साहब बुला रहे हैं।
अच्छा उनसे कहो मैं आती हूँ।
अच्छा मैडम इज़ाज़त दीजिये । आपका बहुत समय लिया मैंने ।
अरे कोई बात नहीं बहुत अच्छा लगा आपसे मिलकर।
नमस्ते ।
नमस्ते ।
सुनिए फिर कब मुलाक़ात होगी आपसे ।
जी कोशिश करूँगा जल्दी हो ।
तभी डायरेक्टर साहब आकर बताते हैं की शूट कल के लिए शिफ्ट हो गया है ।
और वो लड़का ओझल हो चूका था ।
तभी मिश्र जी दिखाई देते हैं मिश्रा जी आपके दोस्त कहाँ गए ।
वो तो चले गए मैडम ।
क्यों
कुछ नही बस ऐसे ही पूछ रही थी ।
...मिश्रा जी चले गए मगर मेरी निगाहें अब भी उस शख्स को खोज रही थी ।
जानती हो वो एक साधारण सी मुलाक़ात थी मगर उस मुलाक़ात के बाद ये समझना मुश्किल था की वो मेरा प्रशंसक था या मैं उसकी ।
मुलाकत तो फिर कभी नहीं हुई मगर कभी कभी वो पत्र लिखता था । और मैं उसके पत्र का जवाब देती थी ।
बहुत ही छोटा मगर बहुत ही लंबा चलने वाला रिश्ता था ये जो अब अपने ख़त्म हो गया ।
अब न कोई पत्र आएगा और न ही कोई जवाब जाएगा ।
शायद वो ठीक कहता था उसने अपना किरदार ताउम्र बखूबी जिया ।
और एक मैं हजारों किरदार जीने के बाद भी आज भी अपना असली किरदार ढूंढ रही हूँ ।
इतना कहकर वो फिर खिड़की से बाहर देखने लगती है ।
बाहर का शोर अब अंदर जेहन में आ गया था और अंदर का सन्नाटा अब बाहर की दुनिया में तैर रहा था ।
शायद मेरे हिसाब सेकुछ मुलाकातें न ही होती तो अच्छा होता।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.