Powered By Blogger

Total Pageviews

Friday, February 15, 2019

मै शहीद होता अगर वो सामने से आते

मै शहीद होता
अगर वो सामने से आते ,
युद्ध करते
मैं बहुत खुश होता
इस धरती से लिपटते वक्त।
पर दुःख है मैं बेमौत मरा
दुःख है कि इस देश में
जिसे मैं अपनी माँ कहता हूँ
उसके आँचल में सिर्फ
मुझे ही सुरक्षा नहीं मिलती।
मुझे दुःख नहीं कि
मैंने बिन बताये कह दिया अलविदा
दुःख है कि मैं
बता नहीं पाऊँगा अपनी माँ को
कि मैंने हार नहीं मानी थी
मैंने जान गवां दी बिना लड़े।
अगर वो सामने आते
मैं अपने सीने पर गोली
खाता और गर्व से कहता
मैं शहीद हूँ
पर दुःख है
कि उन्होंने मेरे उस
सैनिक होने के गर्व समाते सीने को
ही धोखे से क्षत विक्षत कर दिया।
हाँ रोई होगी मेरी माँ
मेरे चीथड़े से भी लिपटकर
पर उसका क्या जिसका
एक टुकड़ा भी ना मिला।
युद्ध में मरता तो सुकून से सोता
पर अभी सुकून नहीं है।
मैं एक सैनिक हूँ
मैं शायद लाखों लोगों की सुरक्षा करता हूँ
पर मेरे मृत्यु पर वही लोग
राजनीति करते हैं
नेताजी कहते है
सैनिक है तो मरेंगे ही।
मुझे स्वीकार है मृत्यू
पर युद्ध में लड़ते हुए
इस तरह निहत्थे नहीं
बिना लड़े नहीं।
आपकी आँखों में शायद आंसू हो,
मेरी आँखों में आक्रोश है।
आपका मन शायद शांत हो जाये,
मेरा मन अशांत है।
आप भूल जाओ शायद मेरी मौत को
अगले अटैक की खबर आने तक,
और अगले शहीदों की गिनती होने तक।
पर मैं अशांत ही रहूँगा..
आक्रोशित रहूँगा..
जब तक शहादत को प्राप्त नहीं करूंगा
अपने दुश्मनों को मारकर।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.