Powered By Blogger

Total Pageviews

Friday, February 15, 2019

क्योंकि हम सो जाते हैं।

  
...क्योंकि हम सो जाते हैं। और जागते ही तब हैं जब कोई विस्फोट या आतंकी हमला हमारे देश में होता है, तब ही जब शहीद हो जाते हैं कई जवान, तब ही जब ऊँगली उठती हैं हम पर, तब ही जब कोई हमारा देश महान वाला ईगो हर्ट कर देता है, और खास तौर पर जब ये सब पड़ोसी देश ने किया हो।
...क्योंकि हम सो जाते हैं। और जब ऐसा कुछ हो जाता है, तब जाग जाते हैं पक्ष विपक्ष में बैठे लोग, तब जाग जाते हैं वीर कवितायेँ लिखने वाले कवि, तब जाग जाते हैं मुंह बंद रखने वाले अख़बार, तब जाग जाते हैं सभी समाज सेवी और उनके लोगो और बैनर, तब जाग जाती हैं ढेरों कैंडल्स, तब जाग जाते हैं लोग जो पुलवामा नाम का कोई देश का हिस्सा है ये तक नहीं जानते थे।
...क्योंकि हम सो जाते हैं। क्योंकि हमें आदत है सोने की चैन से। क्योंकि ये आदत उन्ही की वजह से है जिनके शहीद होने पर हम जाग गये हैं। क्योंकि हमे पता है हम कुछ नहीं कर सकते अपने बल पर । क्योंकि हमें डर है कि अब क्या होगा जब वो नहीं हैं। क्योंकि कल फिर जब कोई और आ जायेगा तो हम फिर सो जायेंगे। और फिर से सोने के लिए जागना जरुरी है।
...क्योंकि हम सो जाते हैं। और जब जागते हैं तो अपनी खुली सोच से ऐसे आर्टिकल लिखकर अंत में अपना टैग 'फलां फलां ब्रांड अम्बेसडर' लिखकर लाइक बटोरने होते हैं। और जब जागते हैं तो हमें पहुँचना होता हैं अपना बैनर, एक झंडा और ढेर सारा ज्ञान लेकर श्रद्धांजलि सभा में। और जब जागते हैं तो थोड़े बहुत आंसू बहाकर हमें करना होता है क्रोध और लगाने होते हैं तमाम नारे। हमें बनना पड़ता है देशभक्त।
...और ऐसा सब इसीलिए करते हैं क्योंकि हम जाग जाते हैं। हम जाग जाते हैं ये सब विस्फोट और हमले होने के बाद। पर अफ़सोस है कि हम पहले नहीं जाग पाते। और फिर बाद में जब ढूंढें जा रहे होते हैं कारण अनेक और दोषी तमाम, तब उठता है एक सवाल कि ऐसा क्यों हुआ? जवाब सिर्फ एक होता है और वो ये कि '...क्योंकि हम सो जाते है।'

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.